छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में इन सभी पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है।

राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में घरेलू एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि राज्य में संचालित सभी पाँच एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राज्य में गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने जानकारी दी कि फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर केवल अत्यावश्यक संस्थानों, जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव रीना कंगाले ने निर्देश दिए कि परीक्षाओं के मद्देनज़र छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सीमित स्तर पर होटलों और अन्य आवश्यक प्रतिष्ठानों को लगभग 15 प्रतिशत कमर्शियल सप्लाई देने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

बैठक में जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पर रोक लगाई जा सके।

समीक्षा बैठक के दौरान राज्य में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी गैस की उपलब्धता का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के तीनों डीजल-पेट्रोल डिपो में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है।

खाद्य सचिव रीना कंगाले ने प्रदेश के उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमानुसार नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link