कांकेर। कांकेर वनमंडल में भालुओं की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के नरहरपुर नगर पंचायत इलाके में देर रात एक भालू भोजन की तलाश में आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। बारिश के बीच भालू रातभर इलाके में घूमता रहा और लोगों के घरों में घुसने की कोशिश करता नजर आया।
बताया जा रहा है कि भालू ने भोजन की तलाश में कुछ घरों के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। भालू की अचानक आमद से इलाके में डर का माहौल बन गया। लोग पूरी रात जागकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा करते रहे।
इसी दौरान घर में घुसने की कोशिश करते भालू का स्थानीय लोगों ने वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भालू घर के दरवाजे के पास पहुंचकर अंदर जाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में भालुओं की लगातार आमद से लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। फिलहाल वन विभाग की ओर से भालू को पकड़ने या इलाके से दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की गई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
मामला कांकेर वनमंडल के नरहरपुर वन परिक्षेत्र और नरहरपुर नगर पंचायत क्षेत्र का है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
