मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी विकास शर्मा इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच फ्लाइट रद्द होने के कारण वे भारत वापस नहीं लौट पाए हैं।
ज्योतिष और सत्संग सम्मेलन में गए थे दुबई
जानकारी के अनुसार विकास शर्मा 22 फरवरी को दुबई में आयोजित पांच दिवसीय ज्योतिष एवं सत्संग सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद उन्हें इंदौर के लिए फ्लाइट से भारत लौटना था।
हालांकि, अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर हमले और उसके बाद ईरान के पलटवार के चलते क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ गए। इसी कारण दुबई एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई। एयरपोर्ट तक पहुंचने के बाद उन्हें वापस होटल लौटना पड़ा।
दुबई से जारी एक वीडियो संदेश में विकास शर्मा ने बताया कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि वे फ्लाइट में बैठ चुके थे, लेकिन युद्ध की स्थिति के कारण उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई। इसके बाद वे पुनः होटल लौट आए।
परिजन चिंतित, भारत सरकार से लगाई गुहार
उज्जैन में रह रहे उनके परिजन काफी चिंतित हैं। बड़े भाई आशीष पुजारी प्रशासनिक अधिकारियों और भारत सरकार से लगातार संपर्क में हैं। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि दुबई में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास जारी हैं।
आशीष पुजारी ने बताया कि उनका छोटा भाई फिलहाल सकुशल है। उन्होंने बाबा महाकाल से सभी देशवासियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की है।
कई भारतीय फंसे
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते दुबई में कई भारतीयों के फंसे होने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल परिवार को सुरक्षित वापसी का इंतजार है और प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
