मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के तीसरे संस्करण को फ्लैग ऑफ करेंगे। इस पहल के तहत देशभर से आईं 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर लंबी बाइक ट्रेल पूरी करेंगी।

यह सात दिवसीय आयोजन मध्यप्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को देश और दुनिया में प्रचारित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस यात्रा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, साहस और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के सचिव और प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया कि ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ केवल एक बाइक राइड नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वतंत्रता और मध्यप्रदेश की समृद्ध पर्यटन धरोहर का उत्सव है। उन्होंने कहा कि देशभर से आईं महिला सुपर बाइकर्स इस यात्रा के दौरान प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अनुभव करेंगी और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

13 मार्च को भोपाल में होगा समापन

भोपाल से शुरू होकर यह सात दिन की बाइक यात्रा सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो से होते हुए वापस भोपाल पहुंचेगी। इस अभियान का समापन 13 मार्च को भोपाल में किया जाएगा।

पर्यटन और महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य राज्य के कम-ज्ञात पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना, ग्रामीण पर्यटन सर्किट को मजबूत करना और जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।

यह अभियान मध्यप्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित, रोमांचक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply