भोपाल नगर निगम की बैठक में गोमांस और स्लॉटर हाउस को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष शाबिस्ता जकी ने गोमांस से जुड़े पहले प्रश्न पूछे। इसका जवाब एमआईसी मेंबर आर.के. सिंह बघेल ने दिया। इस दौरान महापौर और नेता प्रतिपक्ष के बीच तो-तकरार और नोंक-झोंक भी हुई।
बीजेपी के वरिष्ठ पार्षद सुरेंद्र बाडिका और विलास राव घड़गे ने भी गोमांस के मुद्दे पर विरोध जताया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
बजट मीटिंग में शहर के विकास के मुद्दे होंगे केंद्र में
भोपाल नगर निगम की इस बैठक में लगभग 3500 करोड़ रुपए का बजट पेश किया जाएगा। इसमें शहर के विकास और परियोजनाओं से जुड़े कई मुद्दे शामिल होंगे। हालांकि, पिछले दो वर्षों में किए गए 7 हेरिटेज गेट और गीता भवन जैसे वादे अब भी अधूरे हैं।
पिछले एक साल में केवल दो हेरिटेज गेट के लिए भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे और होशंगाबाद रोड पर भूमिपूजन हुआ है।
विपक्ष की रणनीति और मुद्दे
विपक्ष इस बैठक में गोमांस, नई बिल्डिंग और लोकायुक्त की हाल ही की कार्रवाई को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।
- निगम के स्लॉटर हाउस में 26 टन गोमांस मिलने का मामला पिछली बैठक में भी हंगामे का विषय बना था।
- लिंक रोड नंबर-2 पर 40 करोड़ रुपए की नई बिल्डिंग की अधूरी तैयारियों और इससे गिरकर एक बुजुर्ग की मौत का मामला भी चर्चा में रहेगा।
मंत्री और विधायकों की आपत्ति के बाद प्रॉपर्टी टैक्स या जलकर बढ़ाने की संभावना इस बार कम ही दिखाई दे रही है। पिछली बार कुल 3611 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था।
इस बैठक में तीन मुख्य मुद्दों पर राजनीतिक और प्रशासनिक बहस केंद्रित रहेगी: गोमांस, नई बिल्डिंग और लोकायुक्त की कार्रवाई।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
