जालौन जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा और सख्त एक्शन लिया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिला टास्क फोर्स समिति ने प्रतिबंधित मशीनों से हो रहे खनन पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन लिप्टर मशीनों को मौके से जब्त किया है।

यह कार्रवाई तहसील कालपी क्षेत्र के खंड संख्या 01, 02 और 04 (केहटा, हमीरपुर मार्ग) में की गई, जहाँ प्रतिबंधित मशीनों के जरिए खनन का प्रयास किया जा रहा था।

ड्रोन और एआई कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही कंट्रोल रूम ने अलर्ट जारी किया। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर भेजा। कार्रवाई के दौरान मशीनों को हमीरपुर की ओर ले जाकर भागने की कोशिश की गई, लेकिन टीम की सतर्कता से सभी मशीनों को पकड़ लिया गया।

इस मामले में खंड संचालक 01, 02 और 04 के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही कुल 15 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

प्रशासन ने संबंधित खनन पट्टों को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि जनपद में प्रतिबंधित मशीनों से खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ड्रोन, एआई कैमरा और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती और तकनीकी निगरानी के प्रभावी उपयोग का उदाहरण मानी जा रही है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply