मध्यप्रदेश के उज्जैन में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशीष सारवान समेत 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह मामला नानाखेड़ा थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुरानी रंजिश के चलते 20 मार्च को यश भार्गव पर लाठी-डंडों से हमला किया गया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस भी निकाला, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी आशीष सारवान को 25 मार्च को तारामंडल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। इससे पहले, 22 मार्च को एक महिला आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वहीं, इस केस में 3 आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी पहचान विक्की चौहान, सागर सूर्यवंशी और सौरभ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) गुरुप्रसाद पाराशर, सीएसपी श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
