मुरैना के लेपा गांव में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के समय पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को गोली चलानी पड़ी। आरोपी अजीत के पैर में गोली लगी है। आरोपी भूपेंद्र के सिर में मामूली चोट आई है। अजीत सिंह को पुलिस ने इलाज के लिए मुरैना रेफर किया है। मुठभेड़ मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुई। इस हत्याकांड में पुलिस ने शुरुआत में 9 को आरोपी बनाया था। बाद में महिला (रज्जो) का नाम भी जोड़ा गया। पुलिस इससे पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आज अजीत और भूपेंद्र भी अरेस्ट कर लिए गए। अब 4 आरोपी फरार हैं।

आरोपियों पर था 30 हजार का इनाम

हत्याकांड के आरोपी धीर सिंह, रज्जो देवी, पुष्पा और सोनू तोमर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुरुआत में सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था, इसे सोमवार को ही बढ़ाकर 30 हजार रुपए किया गया है। शॉर्ट एनकाउंटर में अजीत सिंह तोमर और भूपेंद्र सिंह तोमर भी पकड़े गए हैं। अभी श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर फरार हैं।

मुरैना में हुई थी 6 लोगों की गोली मारकर हत्या

मुरैना के लेपा भिड़ौसा गांव में 5 मई को सुबह एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव के 2 परिवारों के बीच पिछले 10 साल से रंजिश चल रही है। इसके चलते ही एक परिवार ने दूसरे परिवार पर फायरिंग कर दी। 3 पुरुष और 3 महिलाएं की मौत हो गई थी। 3 लोग घायल हुए थे। इसी गांव के रविंद्र सिंह कांग्रेस विधायक हैं।

Share.

Comments are closed.