छत्तीसगढ़ में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, खासकर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की, जिसमें राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (IG), जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक जुड़े। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करना रहा।
पेट्रोल, डीजल और गैस की सप्लाई पर फोकस
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता तक सही जानकारी पहुंचाई जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह को तुरंत रोका जाए।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी करने की कोशिश करती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, ऊर्जा, खाद्य और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके साथ ही इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने सप्लाई व्यवस्था को लेकर जानकारी दी।
राज्य सरकार का स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि हर स्थिति पर नजर बनाए रखें और आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा न होने दें।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
