उज्जैन/तराना। उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में मिले एक संदिग्ध शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की लत और घरेलू विवादों से परेशान होकर एक व्यक्ति की कथित रूप से उसकी पत्नी और बेटे ने हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को ग्राम कनासिया स्थित आमडी के खाल में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिला था। सूचना मिलने पर तराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान मदनलाल पिता तोलाराम (35 वर्ष), निवासी ग्राम नायता पोलाय, जिला देवास के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल की, जिसमें हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

शराब की लत और घरेलू कलह बनी हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक मृतक मदनलाल शराब का आदी था और नशे की हालत में परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों से अक्सर विवाद और मारपीट करता था। लगातार घरेलू तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पत्नी सौरम बाई और पुत्र संजू सोलंकी ने कथित रूप से उसके सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को आमडी के खाल में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना या अन्य कारणों से हुई मौत प्रतीत हो।

परिजनों ने जताई अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के परिजनों ने हत्या में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसका भी खुलासा किया जाए।
पुलिस कर रही आगे की जांच

इस पूरे मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक कुमार शर्मा एवं एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में किया गया। थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया और उनकी टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर मामले का खुलासा किया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों और अन्य संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









