पब्लिक फर्स्ट | भोपाल |

छतरपुर में कांग्रेस पार्षद सलमान खान की हत्या के मामले में तीसरी FIR हो गई है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और राजनगर कांग्रेस प्रत्याशी व विधायक विक्रम सिंह नाती राजा समेत 60 लोगों के खिलाफ खजुराहो थाने में केस दर्ज किया गया।

एडिशनल एसपी विक्रम सिंह ने बताया कि दिग्विजय और नाती राजा समेत 60 लोगों ने खजुराहो थाने के सामने बिना किसी अनुमति के टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन किया था। पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसी को आधार बनाते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष मलखान सिंह ने प्रतिवेदन दिया था। जिसके बाद सभी आरोपियों पर धारा 188 (आचार संहिता का उल्लंघन) के तहत मामला दर्ज किया है।

वोटिंग के दिन हुई थी पार्षद की मौत

17 नवंबर को वोटिंग से पहले अलसुबह 3 से 4 बजे के बीच कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नाती राजा, उनके समर्थकों और भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया, उनके समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। पार्षद सलमान नाती राजा की गाड़ी चला रहे थे। गाड़ियों से कुचलने से सलमान की मौत हो गई थी। इसके बाद नाती राजा ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित 21 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया था। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं।

इसके बाद भाजयुमो जिला अध्यक्ष धीरज चतुर्वेदी ने शिकायती आवेदन दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को कांग्रेस विधायक समेत 12 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। शिकायत के मुताबिक, वोटिंग वाले दिन कांग्रेस विधायक और उनके समर्थकों ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया था।

दिग्विजय ने थाने के सामने दिया था धरना

शनिवार 18 नवंबर को दिग्विजय सिंह सलमान के घर खजुराहो पहुंचे थे। परिवार से बातचीत के बाद उन्होंने 21 घंटे तक खजुराहो थाना परिसर में धरना दिया था। हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर उन्होंने रविवार 19 नवंबर को धरना खत्म कर दिया था। publicfirstnes.com

Share.
Leave A Reply