पब्लिक फर्स्ट। हमीरपुर / उत्तर प्रदेश। शिवम शिवहरे।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बड़ा कछार गांव में एक 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध हालात में चचेरे भाई के घर के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। मृत किशोर की पहचान रामलखन निषाद, पुत्र शिवमंगल निषाद के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना सुरौली बुजुर्ग ग्राम पंचायत के मजरा बड़ा कछार गांव की है। परिजनों के अनुसार किशोर बीती रात से लापता था। उन्हें लगा कि वह गांव में चल रहे किसी कार्यक्रम में DJ के पास या दोस्तों के साथ होगा। लेकिन सुबह जब उसका शव सड़क पर पड़ा मिला, तो परिजन स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य संकलन शुरू किया।
हत्या की आशंका, फोन में मिले संदिग्ध चैट
मृतक की बहन सुलोचना ने मीडिया को बताया कि रामलखन के मोबाइल फोन में किसी युवती के साथ चैट के संदेश मिले हैं, जो ‘बाबू’ नाम से सेव नंबर से किए गए थे। परिजनों का दावा है कि किशोर की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई है।
रामलखन के गले और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या कर शव को घसीटते हुए सड़क पर फेंका गया।
पुलिस जांच जारी, महिला हिरासत में
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मनोज गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल, एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल स्थिति:
किशोर की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका।
परिजनों के बयान और मोबाइल चैट्स से जांच को मिल रहा है सुराग।
पुलिस फोन डेटा, लोकेशन ट्रेसिंग और संदिग्ध कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच में जुटी।
