सेल्समैन और फूड इंस्पेक्टर पर मिलीभगत का आरोप, कार्रवाई की मांग

देवास जिले की खातेगांव तहसील अंतर्गत ग्राम राजोर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाला गेहूं-चावल पिछले चार महीनों से नहीं मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और बाद में इंदौर-बैतूल हाईवे 47 को जाम कर दिया।

बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर खातेगांव पहुंचे। अधिकारियों से मुलाकात नहीं होने पर ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गए और जनप्रतिनिधियों व फूड इंस्पेक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही टीआई विनय सिंह लोधी और तहसीलदार अवधेश यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर हाईवे से हटाया। इसके बाद ग्रामीणों को पुलिस थाने ले जाया गया, जहां उनकी शिकायत सुनी गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि सेल्समैन और फूड इंस्पेक्टर की मिलीभगत से उनके हिस्से का राशन हड़पा जा रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती आवेदन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रवीण प्रजापती ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दो माह का राशन शीघ्र वितरित किया जाएगा और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और अपने गांव लौट गए।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.