पब्लिक फर्स्ट। भोपाल ।पुनीत पटेल।

मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा का किया स्मरण, संबोधन की शुरुआत जयघोष से

गाडरवाड़ा की पुण्यभूमि में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने भाषण की शुरुआत मां नर्मदा के जयघोष से की। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की कृपा से निमाड़, महाकौशल और मालवा सहित पूरा मध्यप्रदेश तेज़ी से समृद्ध हो रहा है।

अयोध्या मंदिर निर्माण, धारा 370 और तीन तलाक पर बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के सफल नेतृत्व को भारत के आत्मगौरव और वैश्विक प्रतिष्ठा का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण को लोकतांत्रिक भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि कहा जाना चाहिए।
साथ ही उन्होंने तीन तलाक को अपराध घोषित करने को मुस्लिम महिलाओं के लिए न्याय का रास्ता बताया और धारा 370 हटाने को कश्मीर के लिए नई दिशा बताया।

कृषि और किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गाडरवाड़ा से किसानों के लिए कई अहम योजनाओं की घोषणा की, जिनमें शामिल हैं:

नॉमिनल मूल्य पर सोलर पंप वितरण,

अगले तीन वर्षों में 32 लाख किसानों को सोलर कनेक्शन,

कृषि आधारित उद्योगों को 50% सब्सिडी,

श्रमिकों को ₹5000 प्रति माह सहायता,

फसलों के लिए न्यूनतम मूल्य संरक्षण,

और कृषि प्रदर्शनियों एवं मेलों का आयोजन।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब बीएससी एग्रीकल्चर और बागवानी कोर्स आसानी से उपलब्ध हैं और 1.5 लाख से अधिक छात्रों ने इनमें प्रवेश लिया है।

जल संरचना और नदी जोड़ो अभियान पर तेज़ कार्य

राज्य में नदी जोड़ो अभियान के तहत बुंदेलखंड, मालवा और निमाड़ क्षेत्रों में बड़ी सिंचाई और जल संरचना परियोजनाएं तेज़ी से संचालित हो रही हैं।

महिला सशक्तिकरण की नई पहल: लाड़ली बहना योजना में वृद्धि

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के तहत रक्षाबंधन पर विशेष सहायता और भविष्य में ₹3000 प्रतिमाह की राशि देने की घोषणा की।
इसके साथ ही 33% आरक्षण को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने महिलाओं के लिए राजनीति में व्यापक भागीदारी का संकल्प दोहराया।

सांस्कृतिक बदलाव और परिवहन सुविधा की बहाली

राज्य के विश्वविद्यालयों में अब “कुलपति” नहीं, “कुलगुरु” कहा जाएगा – यह सांस्कृतिक पुनर्स्थापना की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इसके अलावा “मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा” को पुनः शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवहन को बल मिलेगा।
दशहरे पर शस्त्र पूजन की परंपरा को भी बढ़ावा देने की बात कही गई।

राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका पर विशेष ज़ोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व ने भारत को हर मोर्चे पर मजबूत किया है – चाहे वो राष्ट्रीय सुरक्षा हो या अंतरराष्ट्रीय पहचान।

₹80 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन

गाडरवाड़ा में मुख्यमंत्री ने ₹80 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह विकास प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.