गुरुवार सुबह इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 2006, जो दिल्ली से लेह के लिए रवाना हुई थी, तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में कुल 180 लोग सवार थे, जिसमें चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही तकनीकी समस्या का पता चलने पर पायलट ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान को वापस दिल्ली की ओर मोड़ा।

सौभाग्यवश, सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और विमान ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस घटना से कुछ दिन पहले भी इंडिगो की अन्य फ्लाइट्स में तकनीकी समस्याएं सामने आ चुकी हैं। बुधवार को भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6E 6101 को उड़ान भरने से ठीक पहले रद्द कर दिया गया था। वहीं, दो जून को रांची में एक इंडिगो विमान गिद्ध से टकरा गया था, जिसके कारण उसे आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल एयरलाइन की ओर से इस तकनीकी खराबी के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.