मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दुबई यात्रा राज्य के आर्थिक भविष्य के लिए ऐतिहासिक साबित हो रही है। इस दौरान उन्होंने डीपी वर्ल्ड और जेबेल अली फ्री ज़ोन (JAFZA) के अधिकारियों के साथ “भारत मार्ट” परियोजना पर गहन चर्चा की। उन्होंने इस परियोजना को “वैश्विक व्यापार का प्रवेश द्वार” बताया, जो भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि “भारत मार्ट” भारत की ‘लोकल से ग्लोबल’ नीति को मजबूती प्रदान करेगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना 2026 तक क्रियान्वित की जाएगी और विशेष रूप से भारतीय MSMEs को वैश्विक बाजारों से सीधे जुड़ने का मंच प्रदान करेगी। इस पहल से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देशभर के छोटे उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में डीपी वर्ल्ड ने मध्यप्रदेश में महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स निवेश में रुचि दिखाई। कंपनी इनलैंड कंटेनर डिपो, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, कृषि लॉजिस्टिक्स हब और ड्राय पोर्ट विकसित करने के लिए इच्छुक है। ये सभी प्रोजेक्ट प्रदेश की लॉजिस्टिक्स क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और आपूर्ति शृंखला को सशक्त बनाएंगे।

डॉ. मोहन यादव ने दुबई यात्रा को राज्य के आर्थिक भविष्य की एक मजबूत नींव बताया। उन्होंने यह भी कहा कि “भारत मार्ट” जैसी योजनाएं मध्यप्रदेश को वैश्विक आपूर्ति शृंखला की मज़बूत कड़ी बना देंगी। इसके साथ-साथ विदेशी निवेश को लेकर एक भरोसेमंद वातावरण तैयार करने में भी यह यात्रा मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने इस यात्रा की सफलता के लिए अधिकारियों, निवेशकों और प्रवासी भारतीय समुदाय का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा जताया कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय पहल भविष्य में भी जारी रहेंगी, ताकि मध्यप्रदेश को वैश्विक व्यापार और निवेश का हब बनाया जा सके।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.