मध्य प्रदेश स्टेट साइबर पुलिस ने रविवार को एक अहम एडवाइजरी जारी करते हुए देशभर के इंटरनेट यूजर्स को सतर्क किया है। साइबर पुलिस के मुताबिक हाल ही में करीब 68 करोड़ इंटरनेट यूजर्स की ई-मेल आईडी और पासवर्ड साइबर अपराधियों के हाथ लगने का मामला सामने आया है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर किसी का ई-मेल अकाउंट हैक हो जाता है, तो साइबर अपराधी इसके ज़रिए सोशल मीडिया अकाउंट्स, इंटरनेट बैंकिंग, डिजिटल वॉलेट और अन्य एप्स तक भी पहुंच बना सकते हैं। ऐसे में तुरंत पासवर्ड रीसेट करना बेहद ज़रूरी है।
स्टेट साइबर पुलिस का कहना है कि यह चेतावनी डेटा लीक और साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को देखते हुए जारी की गई है। साइबर एसपी प्रणय नागवंशी के अनुसार, हर वेबसाइट और ऐप के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखना, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करना और संदिग्ध ई-मेल, एसएमएस या लिंक पर क्लिक न करना सबसे प्रभावी बचाव है।
साइबर पुलिस ने बताया कि अगर किसी का ई-मेल अकाउंट हैक हो जाए, तो तुरंत पासवर्ड बदलें और एक ही पासवर्ड कई अकाउंट्स में इस्तेमाल न करें। साइबर फ्रॉड की स्थिति में पीड़ित हेल्पलाइन नंबर 7587646775 पर संपर्क कर सकते हैं।
साइबर पुलिस ने यह भी चेताया है कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट, लोन ऐप फ्रॉड, ऑनलाइन ट्रेडिंग, शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच, घर बैठे नौकरी, ऑनलाइन पार्सल और फर्जी लिंक के ज़रिए ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। खासतौर पर बुज़ुर्ग लोग इनके निशाने पर हैं।
साइबर पुलिस की अपील है कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
