कांग्रेस पार्टी के टैलेंट हंट अभियान को लेकर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। मंत्री सारंग ने कहा कि कांग्रेस में योग्यता का कोई महत्व नहीं है और पार्टी में पद केवल चमचागिरी और गुर्गेबाजी के आधार पर दिए जाते हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस में वास्तव में टैलेंट और योग्यता को प्राथमिकता दी जाती, तो पार्टी की वर्तमान स्थिति कुछ और होती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि योग्यता ही मापदंड होती, तो राहुल गांधी कभी भी शीर्ष पदों तक नहीं पहुँच पाते।
सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में नेहरू परिवार के करीब रहना ही सबसे बड़ी योग्यता मानी जाती है। जो नेता परिवार के करीबी होते हैं, वे पहले खुद पद हासिल करते हैं और फिर अपने समर्थकों और चमचों को संगठन में आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता।
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस के टैलेंट हंट अभियान को महज दिखावा बताया और कहा कि पार्टी के अंदर लोकतांत्रिक व्यवस्था पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व बार-बार युवाओं और नई प्रतिभाओं की बात करता है, लेकिन वास्तविकता में संगठन में निर्णय कुछ गिने-चुने लोगों तक ही सीमित रहते हैं।
सारंग ने आगे कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद और अंदरूनी राजनीति के कारण पार्टी लगातार कमजोर हो रही है और जनता इसका जवाब चुनावों में दे चुकी है। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है, जहाँ योग्यता नहीं बल्कि संबंधों के आधार पर नेतृत्व तय किया जाता है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
