भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया का सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन लंबे संगठनात्मक अनुभव और मीडिया प्रबंधन से जुड़ा रहा है। वर्ष 1996 से प्रदेश मीडिया विभाग में निरंतर कार्य कर रहे लोया ने पार्टी के विभिन्न चुनावों, मीडिया अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
प्रखर वक्ता और सहज-सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी ब्रजगोपाल लोया मीडिया के साथ आत्मीय संवाद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। वे मीडिया बंधुओं के सुख-दुख में भी उपलब्ध रहते हैं।
1991 में भाजपा की सदस्यता, संगठन में निभाईं कई जिम्मेदारियां
ब्रजगोपाल लोया का जन्म 5 मई 1966 को रायसेन जिले के उदयपुरा में हुआ। उनके पिता का नाम श्री बालकृष्ण लोया है। उन्होंने एम.कॉम. तक शिक्षा प्राप्त की है। उनकी पत्नी स्वर्गीय श्रीमती चंदा लोया थीं। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
लोया ने वर्ष 1991 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। संगठन में उन्होंने मतदान केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रभारी और सेक्टर प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। रायसेन जिले में भी उन्होंने पार्टी के कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाले और संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी।
वर्ष 2005 से 2018 तक उन्होंने सेवा सहकारी संस्था, उदयपुरा के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
चुनावों में मीडिया प्रबंधन का लंबा अनुभव
ब्रजगोपाल लोया वर्ष 1996 से भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग में सक्रिय हैं। वर्ष 2003 से 2024 तक हुए विभिन्न चुनावों में उन्होंने अलग-अलग भूमिकाओं में पार्टी के लिए कार्य किया।
वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने प्रदेश मीडिया सेंटर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में वे प्रबंधन समिति के सदस्य रहे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें गाडरवारा विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने ग्वालियर में भाजपा के संभागीय मीडिया सेंटर की जिम्मेदारी संभाली और दो माह तक वहां प्रवास किया। इसी वर्ष जन आशीर्वाद यात्रा क्रमांक-5 में श्योपुर से भोजपुर तक मीडिया संबंधी दायित्व निभाया।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मुरैना लोकसभा क्षेत्र में मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में मीडिया विभाग की ओर से प्रवास का दायित्व निभाया।
2000 से अधिक डिबेट में रख चुके हैं पार्टी का पक्ष
ब्रजगोपाल लोया वर्ष 2017 से विभिन्न न्यूज चैनलों पर भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें 2000 से अधिक डिबेट में पार्टी का पक्ष रखने का अनुभव प्राप्त हुआ है।
वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी कार्य किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मीडिया मंचों पर पार्टी का पक्ष रखने के साथ-साथ संगठन की मीडिया संबंधी गतिविधियों में सहभागिता की।
सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ ब्रजगोपाल लोया सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से 2023 तक माहेश्वरी जिला महासभा के जिलाध्यक्ष का दायित्व निभाया।
वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव में उनकी पुत्री वैशाली ब्रजगोपाल लोया ने उदयपुरा के वार्ड में 80 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त किए। इसके बाद उन्हें पार्टी द्वारा नगर परिषद उदयपुरा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
लोया ने दतिया उपचुनाव में मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी भी निभाई। इसके अतिरिक्त ओरछा में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मीडिया प्रबंधन तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उज्जैन-इंदौर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय मीडिया के साथ समन्वय और मीडिया प्रबंधन का दायित्व संभाला।
प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा 23 सितंबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार, ब्रजगोपाल लोया को प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
लंबे संगठनात्मक अनुभव, चुनावी मीडिया प्रबंधन और विभिन्न न्यूज चैनलों पर पार्टी का पक्ष रखने के अनुभव के साथ लोया अब प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
