हमीरपुर से इस वक्त एक सनसनीखेज और डराने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पत्यौरा मोरंग खदान से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर खनन माफिया के गुर्गे किसानों को खुलेआम बंदूक दिखाकर धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि क्षेत्र में कानून का नहीं, बल्कि बंदूक और पोकलैंड मशीनों का राज चल रहा है।
वायरल वीडियो हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पत्यौरा मोरंग खंड संख्या 31/03 का बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है और इसका विरोध करना किसानों को भारी पड़ रहा है।
सीमांकन से हटकर नदी में खनन का आरोप
ग्रामीण किसानों के अनुसार, खनन माफिया द्वारा निर्धारित सीमांकन का उल्लंघन करते हुए नदी के अंदर तक मोरंग का अवैध खनन किया जा रहा है। इससे न केवल नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आसपास के खेत और ग्रामीण आजीविका भी खतरे में पड़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर खनन रोकने की मांग की, तो माफिया के गुर्गों ने उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज की और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। वायरल वीडियो में कथित तौर पर यह साफ देखा जा सकता है कि किस तरह खुलेआम हथियार का प्रदर्शन कर किसानों पर रौब जमाया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान पर दर्जन भर से अधिक प्रतिबंधित पोकलैंड मशीनें दिन-रात काम कर रही हैं, जो नदी का सीना चीरकर अवैध खनन में लगी हैं। उनका कहना है कि इस अंधाधुंध खनन से नदी के अस्तित्व पर ही संकट मंडरा रहा है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खनन आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है? ग्रामीणों ने सीधे तौर पर खनिज विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खनिज अधिकारी विकास परमार की जानकारी और संरक्षण के बिना इस स्तर पर अवैध गतिविधियां संभव नहीं हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज विभाग की कथित शह पर खनन माफिया पूरी तरह बेखौफ होकर बंदूक की ताकत के बल पर अवैध खनन कर रहा है।
डीएम के आदेशों की उड़ रही धज्जियां?
एक ओर जिले के जिलाधिकारी धनश्याम मीना अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। आरोप है कि हमीरपुर का खनिज विभाग डीएम के आदेशों को खुलेआम ठेंगा दिखा रहा है और अवैध खनन बेरोकटोक जारी है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
