जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना की गाड़ी खाई में गिरने से शहीद हुए जवानों और बुधवार को हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम के निधन पर उज्जैन की सामाजिक संस्था जिजीविषा एवं संगिनी ग्रुप द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

गौरतलब है कि 22 जनवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भदरवाह–चंबा मार्ग पर खराब मौसम के कारण सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया था। इस दर्दनाक हादसे में 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। शहीदों में हापुड़ के रिंखिल बालियान और झज्जर के मोहित चौहान सहित अन्य जवान शामिल थे। सभी शहीदों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

शहीद जवानों की शहादत को नमन करते हुए उज्जैन में संस्था जिजीविषा और संगिनी ग्रुप की ओर से दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संगिनी ग्रुप की सुरक्षा अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. सत्येंद्र कौर सलूजा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

इसी कार्यक्रम के दौरान बुधवार सुबह हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। जानकारी के अनुसार, यह विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसमें डिप्टी सीएम के साथ दो क्रू मेंबर और दो सहयोगी सवार थे।

डॉ. सत्येंद्र कौर सलूजा ने कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम को प्रदेश के लिए अभी कई महत्वपूर्ण कार्य करने थे, उनका इस तरह असमय चले जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ममता सांगते, अनवर जहां एलची, समीक्षा व्यास, ऋतिक, धनंजय, अमन वर्मा सहित नर्सिंग होम का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने दीप जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply