सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 02वीं बटालियन, पट्टन द्वारा “सेवा, सुरक्षा और भाईचारा” के उद्देश्य से कश्मीर घाटी के युवाओं के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। इसी क्रम में 25 कश्मीरी युवाओं के लिए 07 दिवसीय भारत दर्शन टूर का आयोजन किया गया है, जो 30 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक चलेगा।

इस बहुप्रतीक्षित टूर की शुरुआत बटालियन मुख्यालय, पट्टन में आयोजित फ्लैग-ऑफ सेरेमनी के साथ हुई, जिसे आशीष नैथानी, कमांडेंट, 02 BN SSB ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर हरि चरण प्रसाद, सेकंड-इन-कमांड, बटालियन के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक, टूर में शामिल छात्र और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

कमांडेंट आशीष नैथानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दिल्ली–जयपुर–अजमेर का 07 दिनों का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण है। इस टूर के दौरान छात्र भारत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का भ्रमण करेंगे और 05 फरवरी 2026 को अपने गृहनगर वापस लौटेंगे।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विशेष रूप से कश्मीर के युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध इतिहास और तकनीकी प्रगति से रूबरू कराने के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे देश के विभिन्न क्षेत्रों को नजदीक से समझ और अनुभव कर सकें।

कमांडेंट ने आगे बताया कि यह भारत सरकार के मार्गदर्शन में SSB का एक सार्थक और दूरदर्शी प्रयास है, जिसका उद्देश्य घाटी के युवाओं को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों एवं नशीली दवाओं के दुरुपयोग से दूर रखना है।

सशस्त्र सीमा बल का विजन घाटी के लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, आपसी विश्वास और बेहतर तालमेल विकसित करना तथा क्षेत्र में एक स्वस्थ सामाजिक वातावरण तैयार करना है। इसके साथ ही, युवाओं को भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, कौशल विकास, स्वरोजगार और सशस्त्र बलों में करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।

उम्मीद जताई जा रही है कि 02 BN SSB पट्टन द्वारा आयोजित यह भारत दर्शन टूर छात्रों के लिए न केवल शैक्षणिक और सांस्कृतिक दृष्टि से लाभकारी सिद्ध होगा, बल्कि वे अपने अनुभवों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply