मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन द्वारा आयोजित GrainEx India 2026 के उद्घाटन समारोह में भाग लिया और देशभर से आए दाल उद्योग से जुड़े व्यापारियों का स्वागत किया।
यह आयोजन भारत की अनाज मिलिंग और प्रोसेसिंग इंडस्ट्री का एक प्रमुख मंच है, जो श्री स्वामीनारायण मंदिर परिसर, इंदौर में 6 फरवरी से 8 फरवरी तक चल रहा है।
GrainEx India को कृषि और खाद्य उद्योग की अग्रणी प्रदर्शनी के रूप में जाना जाता है, जहाँ अनाज मिलिंग, दाल मिलिंग, प्रोसेसिंग, भंडारण और पैकेजिंग से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों तथा नवाचारों को प्रदर्शित किया जाता है। इस उद्योग कार्यक्रम में All India Dal Mills Association, Madhya Pradesh Dal Udhyog Mahasang और Madhya Pradesh Roller Flour Millers Association जैसे प्रमुख संगठन सहभागी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की उद्योग-उन्मुख नीतियाँ, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को प्रोत्साहन और निवेश-अनुकूल वातावरण कृषि आधारित उद्योगों को निरंतर सुदृढ़ कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारत विश्व का सबसे बड़ा दाल उत्पादक और उपभोक्ता देश है, जो हमारी कृषि सामर्थ्य और समृद्ध पोषण परंपरा का प्रतीक है, और मध्यप्रदेश इस गौरव को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जहाँ अनाज प्रोसेसिंग, मिलिंग और पैकेजिंग से जुड़ी उन्नत तकनीकों और उत्पादों को देखा गया। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से कहा कि तकनीकी नवाचार और सहयोग से भारत की अनाज वैल्यू-चेन और दाल उद्योग को और मजबूत किया जा सकता है।
यह आयोजन न केवल उद्योग के हितैषियों के लिए व्यापार विस्तार का एक बड़ा अवसर है, बल्कि यह कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था में नई संभावनाओं की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
