लहसुन की फसल के बीच उगाए गए 1300 अफीम के पौधे जब्त, एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई


जनपद उज्जैन के थाना माकड़ौन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लहसुन की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में लगभग 1300 अफीम के पौधे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किए हैं। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।

मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहा है विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर तथा एसडीओपी भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण और तस्करी के विरुद्ध जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

माकड़ौन थाना प्रभारी उनि प्रदीप सिंह राजपूत को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नांदेड निवासी रघुनाथ उर्फ रुगनाथ देवड़ा ने नांदेड–देवली रोड स्थित अपने खेत में लहसुन की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे उगा रखे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर खेत की तलाशी ली।

लहसुन की फसल में कतारबद्ध अफीम के पौधे मिले

तलाशी के दौरान लहसुन की फसल के बीच कतारबद्ध छोटे हरे पौधे पाए गए। पुलिस द्वारा पौधों को तोड़कर और सूंघकर जांच करने पर उन्हें अफीम के पौधे के रूप में पहचाना गया। आरोपी से वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने अवैध खेती करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब्त अफीम के पौधों को नियमानुसार सील कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.