36 वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं के बाद संवाद ऑडिटोरियम, नवा रायपुर में आयोजित हुआ सम्मान समारोह


जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उत्कृष्ट, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ सेवाएं देने वाले अपर संचालक श्री जवाहर लाल दरियो के सेवानिवृत्ति अवसर पर नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दरियो को भावभीनी विदाई दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने श्री दरियो की दीर्घकालिक सेवाओं, समर्पण और प्रशासनिक दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री दरियो ने विभाग को मजबूती देने और जनसंपर्क गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ, सुदीर्घ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने अपने संबोधन में श्री दरियो के साथ कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अविभाजित मध्य प्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के बाद उन्होंने ही कार्यभार संभाला था और तब से विभागीय कार्यों में उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता प्रेरणादायी रही है। अपर संचालक श्री संजीव तिवारी ने भी उनकी सरलता, सौम्यता और दायित्वों के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए अपर संचालक श्री आलोक देव ने श्री दरियो के सेवाकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और उनके योगदान को विभाग के लिए अमूल्य बताया। अपने उद्बोधन में श्री जवाहर लाल दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन और सहकर्मियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और टीम भावना के कारण ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके।

समारोह में विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और सभी ने श्री दरियो के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply