उज्जैन: महाकाल मंदिर क्षेत्र में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। महाकाल मंदिर के समीप स्थित स्मार्ट पार्किंग स्थल रोड पर 15 मीटर चौड़े मार्ग में आ रहे 12 भवनों को मालिकों की सहमति के बाद हटाया गया।
नगर निगम की टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से मार्ग में बाधा बन रहे निर्माणों को हटाया। कुल 14 भवन चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 12 पर कार्रवाई की गई। यह सड़क बेगम बाग मार्ग से भारत माता पार्किंग तक विकसित की जाएगी, जिससे महाकाल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा, अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता, तहसीलदार शेफाली जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देशमुख सहित निगम, स्मार्ट सिटी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल और रिमूवल टीम भी तैनात रहे, जिससे यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण महाकाल मंदिर क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात सुगमता और पार्किंग व्यवस्था में सुधार लाने के लिए किया जा रहा है।
यह पहल उज्जैन को स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
