उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब तक एक दिन पहले दी जाने वाली ऑफलाइन परमिशन को समाप्त कर ऑनलाइन ‘तत्काल बुकिंग’ व्यवस्था लागू कर दी गई है। इससे अब श्रद्धालु घर बैठे ही आसानी से भस्म आरती के लिए बुकिंग कर सकेंगे।

पहले भस्म आरती दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को एक दिन पहले मंदिर पहुंचकर फॉर्म लेना पड़ता था और उसे भरकर मंदिर कार्यालय में जमा करना होता था। इस प्रक्रिया में लंबी कतारें लगती थीं और भीड़भाड़ के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासतौर पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था असुविधाजनक साबित होती थी।

नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालु भस्म आरती के लिए एक दिन पहले सुबह 8 बजे से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग कर सकेंगे। यह बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगी, जिसे तत्काल बुकिंग की तरह लागू किया गया है। बुकिंग के दौरान आधार कार्ड सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा।

शुल्क व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है और प्रति श्रद्धालु ₹200 शुल्क पहले की तरह ही लागू रहेगा। साथ ही, दर्शन के लिए निर्धारित 300 श्रद्धालुओं की सीमा भी यथावत रखी गई है, ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से श्रद्धालुओं को लंबी कतारों, भीड़भाड़ और मौसम की मार से राहत मिलेगी। साथ ही दर्शन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और आधुनिक बनेगी। फिलहाल यह प्रणाली पूरी तरह ऑनलाइन लागू कर दी गई है, जबकि ऑफलाइन व्यवस्था को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply