धार्मिक नगरी उज्जैन में रविवार को सामाजिक और विकास कार्यों का बड़ा आयोजन देखने को मिला।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कार्तिक मेला मैदान में आयोजित ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन में सहभागिता की।

इस दौरान 112 नवविवाहित जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिन्हें मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद प्रदान किया और प्रत्येक जोड़े को टू-व्हीलर भेंट कर उनके नए जीवन की शुरुआत को और सशक्त बनाया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इससे पहले उन्होंने करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित हेलीपैड विश्राम गृह का लोकार्पण किया। इस विश्राम गृह में कार्यालय कक्ष, जनसुनवाई के लिए हॉल और पायलट के लिए विशेष कक्ष की व्यवस्था की गई है।

यह हेलीपैड उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिससे अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता को बेहतर सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में उज्जैन दुनिया को सनातन संस्कृति और परंपराओं का भव्य स्वरूप दिखाएगा।

पूरा कार्यक्रम सामाजिक समरसता, जनकल्याण और विकास के संदेश के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply