शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे देशभर में करोड़ों मोबाइल फोन पर अचानक सायरन जैसी बीप सुनाई दी और स्क्रीन पर इमरजेंसी अलर्ट मैसेज दिखाई देने लगा। कई लोग इस अलर्ट को देखकर घबरा गए, जबकि कई यूजर्स समझ नहीं पाए कि आखिर यह संदेश क्यों आया।

हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया कि यह कोई वास्तविक आपदा चेतावनी नहीं थी, बल्कि एक टेस्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा था। यह मैसेज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी NDMA द्वारा भेजा गया था। इसका उद्देश्य इमरजेंसी के समय लोगों तक तेजी से सूचना पहुंचाने वाले सिस्टम की जांच करना था।

इस टेस्टिंग के दौरान देश के कई राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-NCR क्षेत्र में एकसाथ मोबाइल अलर्ट भेजा गया। यह मैसेज हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया गया ताकि अधिक से अधिक लोग इसे समझ सकें। अलर्ट में साफ तौर पर लिखा गया था कि यह केवल परीक्षण है और किसी प्रकार की कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।

क्या है Cell Broadcast तकनीक?

NDMA ने मोबाइल SMS सेवा को Cell Broadcast (CB) तकनीक से जोड़ा है। इस तकनीक की मदद से किसी विशेष इलाके में मौजूद सभी एक्टिव मोबाइल फोन पर एक साथ अलर्ट भेजा जा सकता है।

सामान्य SMS की तुलना में Cell Broadcast तकनीक अधिक तेज और प्रभावी मानी जाती है, क्योंकि यह नेटवर्क भीड़ होने की स्थिति में भी रियल टाइम सूचना पहुंचाने में सक्षम है। आपदा, भूकंप, बाढ़, चक्रवात या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित हो सकती है।

क्या है SACHET सिस्टम?

देश में इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए सरकारी संस्था सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमेटिक्स यानी C-DOT ने ‘SACHET’ नाम का इंटीग्रेटेड अलर्ट सिस्टम विकसित किया है।

यह सिस्टम Common Alerting Protocol (CAP) पर आधारित है, जो आपातकालीन संदेशों को तेजी और सुरक्षित तरीके से प्रसारित करता है। SACHET सिस्टम को देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सक्रिय किया जा चुका है।

सरकार ने पहले ही दी थी जानकारी

सरकार ने टेस्टिंग से पहले लोगों को सूचित किया था कि यदि मोबाइल पर इस प्रकार का अलर्ट दिखाई दे, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसका मकसद केवल यह जांचना था कि इमरजेंसी की स्थिति में सूचना कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।

यह सिस्टम भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं, सुरक्षा अलर्ट और बड़े खतरे की परिस्थितियों में लोगों को समय रहते चेतावनी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply