बुधवार को कोर्ट रोड स्थित चौपाल कार्यालय में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दीन दयाल पार्क के पास हुए इस संवाद कार्यक्रम में विभिन्न दलों के नेताओं ने भाग लेकर आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल हुए। इस दौरान गठबंधन के नेताओं ने एक मंच पर आकर प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर विस्तृत मंथन किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सहयोगी दलों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना और चुनावों से पहले साझा रणनीति तैयार करना रहा। नेताओं ने यह भी तय किया कि आने वाले समय में इस तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन को और मजबूती मिल सके।
इस अवसर पर हरीश रावत ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में सहयोगी दलों के बीच लगातार संवाद बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बैठक को अनौपचारिक बताते हुए कहा कि आगे भी इस तरह की बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा।
साथ ही, उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट रहना बेहद आवश्यक है।
देहरादून में हुई यह बैठक INDIA गठबंधन के लिए एक अहम पहल मानी जा रही है, जहां से आगामी चुनावों के मद्देनज़र एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई है। अब देखना होगा कि यह रणनीति चुनावी मैदान में कितना प्रभाव डालती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
