उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। कुंडा में आयोजित एक धार्मिक कथा कार्यक्रम के दौरान राजा भैया ने मंच से कहा था कि “अगर देश में सनातन नहीं रहेगा, तो हमारा संविधान भी सुरक्षित नहीं बचेगा।” उनके इस बयान के बाद अब राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच, राजा भैया के बेहद करीबी और विधान परिषद सदस्य (MLC) व पूर्व सांसद कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबा पोस्ट साझा कर उनकी बात का पुरजोर समर्थन किया है।
एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने विश्व के भौगोलिक इतिहास का दिया हवाला
एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ‘गोपाल जी’ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि राजा भैया की बात को गहराई से समझने के लिए सबसे पहले विश्व के भौगोलिक इतिहास को समझना होगा। उन्होंने दावा किया कि इतिहास में बाहरी आक्रमणों ने दुनिया की कई प्राचीन सभ्यताओं को पूरी तरह मिटा दिया और बड़े पैमाने पर आबादी का इस्लामीकरण कर दिया। गोपाल जी ने अपने पोस्ट में पर्शिया (ईरान), जोहराष्ट्री सभ्यता, रोमन साम्राज्य, मेसोपोटामिया (इराक), सीरिया और जॉर्डन जैसी पुरानी सभ्यताओं का जिक्र करते हुए लिखा कि किस तरह वहां मूल निवासियों का धर्मांतरण कराकर शरिया कानून लागू कर दिया गया।
’भारत हिंदू बहुल है, तभी तक यहाँ का संविधान सुरक्षित है’
पूर्व सांसद गोपाल जी ने अपने पोस्ट के जरिए वैश्विक देशों का आंकड़ा सामने रखते हुए दावा किया कि विश्व में इस समय 56 मुस्लिम देश हैं, जिनमें से कोई भी देश किसी लोकतांत्रिक संविधान से नहीं चलता, बल्कि वहां शरिया का ही कानून चलता है। उन्होंने राजा भैया के बयान को पूरी तरह सही ठहराते हुए लिखा, “भारत में संविधान तभी तक सुरक्षित है, जब तक भारत एक हिंदू बहुल देश है।” उन्होंने आशंका जताते हुए लिखा कि जिस दिन यहां जनसांख्यिकी में बड़ा बदलाव होगा, उस दिन लोकतांत्रिक व्यवस्था को हटाकर अन्य देशों की तरह स्थितियां बदल दी जाएंगी। एमएलसी गोपाल जी के इस तीखे ट्वीट के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में इस बयान को लेकर चर्चाएं और ज्यादा तेज हो गई हैं।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
