CEIR पोर्टल के जरिए IMEI नंबर ट्रेस कर पुलिस ने खोजे मोबाइल, मालिकों को लौटाए फोन

सुकमा पुलिस की साइबर सेल टीम को गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 75 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। महीनों पहले खोए मोबाइल वापस मिलने से उनके मालिकों के चेहरे पर खुशी लौट आई है।

CEIR पोर्टल की मदद से खोजे गए मोबाइल

एसपी मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन और साइबर सेल प्रभारी सचिन सिंह के नेतृत्व में गुम मोबाइल की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर ट्रेस कर कार्रवाई की।

इस दौरान पुलिस ने छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए।

एसपी कार्यालय में मोबाइल मालिकों को लौटाए फोन

बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों को सुकमा एसपी कार्यालय बुलाया गया। यहां एसपी मयंक गुर्जर, एडिशनल एसपी रोहित शाह और मनोज तिर्की ने अपने हाथों से मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे।

कई लोगों ने महीनों पहले मोबाइल खोने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। ऐसे में अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल मालिकों ने सुकमा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कार्रवाई की सराहना की।

साइबर सेल टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी सौरभ उईके के पर्यवेक्षण में साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में प्रधान आरक्षक महेंद्र कंवर और आरक्षक नेमपाल, मीना, रुखमणी, लीलाराम, सुरेश तथा भवानी शामिल रहे।

एसपी मयंक गुर्जर ने कहा कि गुम मोबाइल की शिकायत मिलने पर आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने या चोरी होने की शिकायत करने वाले लोगों को राहत मिली है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply