अवैध महुआ शराब की रोकथाम के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान, 18 सितंबर से होगी शुरुआत
जिले में अवैध महुआ शराब के विक्रय, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की पांच चिन्हांकित संवेदनशील ग्राम पंचायतों में वृहद नशामुक्ति रैली निकाली जाएगी। रैली का आयोजन निर्धारित तिथियों पर दोपहर 3 बजे से किया जाएगा।
जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एनकॉर्ड की बैठक में लिए गए निर्णयों और आबकारी विभाग को प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
इन पांच ग्राम पंचायतों में होगा आयोजन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कटघोरा जनपद पंचायत के ग्राम मुड़ाली में 18 सितंबर 2026 को नशामुक्ति रैली निकाली जाएगी। पाली जनपद पंचायत के ग्राम लाफा में 28 सितंबर और ग्राम नेवसा में 29 सितंबर को रैली का आयोजन होगा।
इसी क्रम में करतला जनपद पंचायत के ग्राम बड़मार में 30 सितंबर तथा कोरबा जनपद पंचायत के ग्राम पंडरीपानी में 7 अक्टूबर 2026 को जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी।
विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों की होगी भागीदारी
जिला प्रशासन ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को रैली के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं। रैली के लिए भारत माता वाहिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित नागरिकों और आमजन के सहयोग से रूट निर्धारित किया जाएगा।
इसके साथ ही माइक, साउंड, पेयजल और स्वल्पाहार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नशामुक्ति साहित्य और परामर्श से किया जाएगा जागरूक
अभियान के दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति से संबंधित साहित्य, बैनर और फ्लैक्स वितरित किए जाएंगे। आबकारी विभाग रैली के लिए वाहन व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।
वहीं, जनजागरूकता और परामर्श के लिए मेडिकल कॉलेज के मनोवैज्ञानिक संजय तिवारी की सेवाएं भी ली जाएंगी। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अवैध महुआ शराब की रोकथाम के लिए लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
