भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश के मध्यम वर्ग के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिला है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों, डिजिटल क्रांति और ईज ऑफ लिविंग को प्राथमिकता देने वाले निर्णयों ने मध्यम वर्ग को अधिक सशक्त, समृद्ध और आत्मविश्वासी बनाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज भारत का मध्यम वर्ग केवल एक उपभोक्ता नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का एक महत्वपूर्ण भागीदार बनकर उभरा है। सरकार की नीतियों ने आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल बनाने के साथ उन्हें नई सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान, ऑनलाइन सेवाओं का विस्तार, डिजिटल भुगतान व्यवस्था और तकनीक आधारित शासन प्रणाली ने पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है। इससे सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान हुई है और लोगों के समय व संसाधनों की बचत हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनहित को केंद्र में रखकर बनाई गई योजनाओं और सुधारों ने मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को नई उड़ान दी है। आज देश का मध्यम वर्ग आर्थिक प्रगति, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मध्यम वर्ग की भूमिका और अधिक मजबूत होगी तथा सरकार की नीतियां नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेंगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply