भोपाल/इंदौर। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर पहुंच गई हैं। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी। गुरुवार, 18 जून को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू अल्प प्रवास के लिए इंदौर पहुंचीं, जहां प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अगवानी की।
राष्ट्रपति के आगमन पर एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वागत के उपरांत राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू भारतीय वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से अपने निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गईं।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 19 जून को अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद 20 जून को वे जबलपुर पहुंचेंगी और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम के साथ ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में सहभागिता करेंगी।
अपने प्रवास के अंतिम चरण में 22 जून को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। इसके बाद वे ग्वालियर पहुंचकर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति का यह मध्यप्रदेश दौरा सामाजिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सांस्कृतिक महत्व के कई कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है, जिसे प्रदेश के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
