प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आह्वान पर रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा में जुटेंगे प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और संगठन के प्रमुख चेहरे
भोपाल/निवाड़ी। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आगामी 18 और 19 जुलाई 2026 को निवाड़ी जिले की पावन नगरी ओरछा में आयोजित की जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के आह्वान पर बुलाई गई इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और राजनीतिक-सांगठनिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक का शुभारंभ 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे होगा, जबकि 19 जुलाई को भोजन उपरांत इसका समापन किया जाएगा। भाजपा संगठन ने इसे केवल एक नियमित बैठक नहीं, बल्कि राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति संकल्पों को और अधिक मजबूत करने का प्रेरक अवसर बताया है। रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में होने जा रही यह कार्यसमिति राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम मानी जा रही है।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक सहित संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से सभी अपेक्षित श्रेणियों के पदाधिकारियों की समय पर उपस्थिति और पूर्ण अवधि तक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियानों और राजनीतिक दिशा पर वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। माना जा रहा है कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की दृष्टि से यह बैठक भाजपा मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रोडमैप तय कर सकती है।
पार्टी की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में हाल ही में आयोजित कार्यक्रमों और मासिक बैठकों का विस्तृत विवरण साथ लाने को कहा गया है। साथ ही सड़क मार्ग से आने वाले पदाधिकारियों से वाहन शेयरिंग करने का आग्रह किया गया है। झांसी रेलवे स्टेशन से ओरछा तक आवागमन की व्यवस्था उपलब्ध रहने की जानकारी भी दी गई है। इसके अलावा पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने साथ सहायक या अंगरक्षक केवल अति आवश्यकता होने पर ही लाएं। इस प्रदेश कार्यसमिति बैठक की सूचना की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व को भी भेजी गई है। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) श्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
राजनीतिक रूप से देखा जाए तो ओरछा में होने वाली यह दो दिवसीय बैठक भाजपा के लिए सिर्फ संगठनात्मक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाले समय की रणनीतिक तैयारी, नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के समन्वय का बड़ा मंच साबित हो सकती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
