भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नशा मुक्ति को लेकर बड़ा संदेश जारी करते हुए कहा है कि “नशा, नाश की जड़ है” और यह न केवल वर्तमान को, बल्कि भावी पीढ़ियों के भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक भारत को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी संकल्प के तहत प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं से अपील की कि वे इस जन-अभियान से जुड़ें और ‘नशा मुक्त मध्यप्रदेश’ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

नशा विकास यात्रा पर कुठाराघात: CM

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज हर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इस विकास यात्रा में युवा शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे समय में नशे की प्रवृत्ति समाज और राष्ट्र की प्रगति पर सीधा प्रहार करती है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की रचनात्मकता, उसकी आगे बढ़ने की क्षमता और पूरे परिवार की खुशहाली को नष्ट कर देता है।

सीएम ने कहा कि नशा घरों-परिवारों को तबाह कर देता है और समाज की ऊर्जा को कमजोर करता है। इसलिए राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।

2029 तक ‘नशामुक्त भारत’ के लक्ष्य पर फोकस

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 2029 तक भारत को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार जनभागीदारी के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

“जन सहयोग से मिलेगी सफलता”

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जिस तरह प्रदेश ने नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती से लड़ाई में सफलता हासिल की, उसी तरह जनसहयोग से नशे के खिलाफ अभियान में भी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि “बाबा महाकाल हमारे साथ हैं, हम नशा मुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सफल होंगे।”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी प्रदेशवासियों और विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई तक चलाए जाने वाले “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से जुड़ें और इसे जनआंदोलन का रूप दें।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply