उत्तर प्रदेश को भविष्य की तकनीकों का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा विज़न प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा में देश का सबसे बड़ा रोबोटिक्स एवं एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेंटर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही महत्वाकांक्षी ‘प्रगति’ परियोजना को भी गति दी जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘यू हब’ को अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और उद्योगों के समन्वय का उत्कृष्टता केंद्र बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत लखनऊ और नोएडा में दो आधुनिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां उद्योग, शोध संस्थान और स्टार्टअप एक साझा मंच पर कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भविष्य की तकनीकों के अनुरूप युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य की आईटी नीति को और अधिक निवेशक अनुकूल तथा रोजगारोन्मुख बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित किया जा सके। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आईटी और टेक्नोलॉजी उद्योग का विस्तार केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि टियर-2 और टियर-3 शहरों तक भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था और उन्नत विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इन पहलों से प्रदेश में निवेश बढ़ने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
