भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज निवास स्थित समत्व भवन से मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 9,149 श्रमिक परिवारों के खातों में ₹203 करोड़ की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिक परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
संबल योजना 2.0 के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों को विभिन्न परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आज की सहायता राशि से प्रदेश के हजारों श्रमिक परिवारों को सीधे राहत मिलेगी।
सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी क्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि का अंतरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। संबल योजना के जरिए श्रमिक परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल देने का प्रयास जारी है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
