पब्लिक फर्स्ट। अमूर क्षेत्र, रूस। ब्यूरो।

रूस के अमूर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां Angara Airlines का एक AN-24 यात्री विमान, जिसमें लगभग 50 यात्री सवार थे, उड़ान के दौरान लापता हो गया है। यह विमान इरकुत्स्क से याकूत्स्क जा रहा था और उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया।

अंतिम लोकेशन और खोज अभियान

विमान की आखिरी लोकेशन चीन सीमा के निकट मिली है, जो इसके लैंडिंग पॉइंट से कुछ किलोमीटर दूर है। जैसे ही संपर्क टूटा, रूसी आपातकालीन मंत्रालय ने तत्काल खोज और बचाव अभियान शुरू किया। इस मिशन में हेलीकॉप्टर, ड्रोन्स और बचावकर्मी शामिल हैं, लेकिन मौसम की खराबी और कठिन भूगोल के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कई चुनौतियां सामने आ रही हैं।

क्या दुर्घटना हुई है?

फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है या किसी आपात लैंडिंग की कोशिश की गई है। विमान में सवार यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी बताए जा रहे हैं, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर रूस में विमान सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में भारत के अहमदाबाद में भी एक विमान हादसे में 250 लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में रूस में घटित यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विमान सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय बन गई है।

क्या कहा अधिकारियों ने?

रूसी समाचार एजेंसियां SHOT न्यूज, Interfax और TASS ने इस खबर की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि खोज कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और जैसे ही कोई सूचना मिलेगी, जनता और मीडिया को अवगत कराया जाएगा।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.

Secret Link