पब्लिक फर्स्ट। उत्तर प्रदेश। राघवेंद्र त्रिपाठी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अलीगढ़ और आगरा के दौरे पर हैं। यह यात्रा विकास योजनाओं और आपदा राहत के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने आज सुबह अलीगढ़ में 1,194 करोड़ रुपये की लागत वाली 188 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं में सड़क, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं, जिससे अलीगढ़ समेत पूरे मंडल को विकास की नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय सांसदों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और मंडलीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
अलीगढ़ दौरे के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे आगरा के लिए रवाना हुए। आगरा में भी उन्होंने मंडलीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
यात्रा के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री चंबल क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। वहां वे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेंगे और बाढ़ पीड़ितों से संवाद करेंगे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर प्रभावित परिवार को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
publicfirstnews.com
