मध्य प्रदेश सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि प्रदेश के उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की प्रारंभिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसका उद्देश्य शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है।

इस पहल के तहत, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHOs) को आपातकालीन देखभाल और VIA आधारित स्क्रीनिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सक्षम, संवेदनशील और जन-सुलभ बनेंगी।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण का प्रथम बैच शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सिवनी में संपन्न हुआ। इस दौरान 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि मैनिकिन आधारित हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस के माध्यम से व्यावहारिक कौशल भी सिखाए गए।

आपातकालीन देखभाल प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को CPR, ABCDE असेसमेंट, श्वसन और रक्तसंचार आपातस्थिति, ट्रॉमा प्रबंधन, रक्तस्राव नियंत्रण, मातृ एवं नवजात आपातकालीन देखभाल जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का अभ्यास कराया गया।

VIA आधारित सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग प्रशिक्षण में गर्भाशय ग्रीवा की संरचना, VIA प्रक्रिया के चरण, एसिटिक एसिड का उपयोग, VIA पॉजिटिव/नेगेटिव परिणाम की पहचान, परामर्श, संक्रमण नियंत्रण, दस्तावेजीकरण और रेफरल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने VIA प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास करके तकनीकी दक्षता अर्जित की।

महिलाओं के स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण बदलाव

इस प्रशिक्षण के जरिए प्रदेश में उप-स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की शीघ्र पहचान और रोकथाम संभव हो सकेगी। साथ ही समुदाय में महिलाओं की भागीदारी और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ेगी।

आगामी चरणों में इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम मंदसौर, सतना और विदिशा के चिकित्सा महाविद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को आपातकालीन प्रबंधन और VIA स्क्रीनिंग में दक्ष बनाया जा सके।

यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply