नए साल का आगाज़ देशभर में उत्साह और उल्लास के साथ हुआ, वहीं धर्मनगरी उज्जैन में नववर्ष की शुरुआत भक्ति, श्रद्धा और आस्था के अद्भुत संगम के साथ देखने को मिली। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में नए साल की पहली सुबह बाबा महाकाल की भस्मारती में शामिल होकर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर को और भी खास बनाते हुए वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की 9 खिलाड़ी अपने परिजनों के साथ बाबा महाकाल के दरबार में पहुँचीं। टीम में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों में स्मृति मंधाना, अरुंधति रेड्डी, शैफाली वर्मा, स्नेह राणा, प्रियंका पाटिल, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, प्रज्ञा रावत और नैन्सी पटेल शामिल रहीं। सभी खिलाड़ियों ने भस्मारती में सम्मिलित होकर बाबा महाकाल से आशीर्वाद लिया और नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की।
नववर्ष की पहली सुबह सुबह लगभग 3 बजे मंदिर के पट खुले, जिसके बाद श्रद्धालु महाकाल की भक्ति में लीन हो गए। सबसे पहले बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक किया गया, जिसमें दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से भगवान का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात चंदन लेपन कर सुगंधित द्रव्यों से श्रृंगार किया गया और भांग से विशेष श्रृंगार हुआ।
मंत्रोच्चार के बीच बाबा को श्वेत वस्त्र धारण कराए गए और फिर भस्म रमाई गई। जैसे ही भस्मारती प्रारंभ हुई, पूरा मंदिर परिसर झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से गूंज उठा। इस अलौकिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
भस्मारती में शामिल श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। किसी ने अपने परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की, तो किसी ने देश में अमन-चैन, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दूर-दराज़ से आए भक्तों ने नए साल की शुरुआत बाबा महाकाल के चरणों में कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
नए साल पर धार्मिक स्थलों पर दर्शन की परंपरा को निभाते हुए महाकालेश्वर मंदिर एक बार फिर श्रद्धा और विश्वास का केंद्र बना, जहाँ धर्म और खेल का अनूठा संगम देखने को मिला। विश्व विजेता खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस पावन अवसर को और भी गौरवशाली बना दिया।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
