वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के कम से कम सात तेज धमाके महसूस किए गए और आसमान में कम उड़ने वाले विमानों को देखा गया, जिससे राजधानी में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और लोग अपने घरों से बाहर सड़कों पर आ गए। हालांकि वेनेजुएला सरकार ने इस घटना पर तुरंत आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

स्थानीय समय के अनुसार लगभग रात 1:50 से 2:00 बजे के बीच धमाकों की आवाज़ सुनी गई और उसके साथ ही आसमान में कम ऊँचाई पर उड़ते विमानों के क़रीब होने की झलकियां मिलीं। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें लोग भयभीत दिख रहे हैं और कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं।

क्या वाकई अमेरिका ने हमला किया?

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अमेरिकी फाइटर जेट्स को देखा गया जिसे स्थानीय नागरिकों ने अमेरिकी सैन्य हमले का संकेत माना है। हालांकि इस तरह के दावों पर किसी स्वतंत्र या आधिकारिक स्रोत से अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिका या वेनेजुएला की सरकार ने इस बारे में तुरंत कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है।

हाल के महीनों में वाशिंगटन और कराकास के बीच तनाव काफी बढ़ा है। अमेरिका ने कैरिबियन सागर और आसपास के क्षेत्र में सैन्य दबाव बढ़ाया है, जिसे वह ड्रग तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के रूप में पेश कर रहा है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि वह ड्रग स्मगलिंग में शामिल नावों और बोट्स को निशाना बना रहा है, हालांकि यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच रिश्तों में और अधिक तनाव पैदा कर रही है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी सरकार ने पहले भी आरोप लगाए हैं कि अमेरिका उनके देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहा है और इसका लक्ष्य केवल ड्रग तस्करी रोकना नहीं बल्कि राजनीतिक दबाव और सत्ता परिवर्तन है। मादुरो ने संकेत दिया है कि वे अमेरिका के साथ शांतिपूर्ण बातचीत के लिए खुले हैं, लेकिन अपने देश की संप्रभुता के खिलाफ किसी भी सैन्य कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी भी दी है।

स्थानीय प्रतिक्रिया और माहौल

धमाकों की आवाज़ सुनते ही काराकास के कई इलाकों में लोग बाहर निकले और भय के चलते घरों से सड़कों पर आ गए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में तनाव और चिंता का माहौल देखा गया। बिजली कट जाने के कारण कई इलाकों में अँधेरा व्याप्त रहा, और सोशल मीडिया पर भयभीत नागरिकों की वीडियो क्लिप्स साझा की गईं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply