उज्जैन से एक बेहद चिंताजनक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 3 साल का मासूम बोरवेल में गिरने के बाद पिछले 21 घंटे से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मासूम भागीरथ करीब 70 फीट गहरे बोरवेल में फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर रखा है, जिसमें लगातार प्रयास जारी हैं।

दो स्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

बच्चे को बाहर निकालने के लिए एक साथ दो अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
पहले ऑपरेशन के तहत आधा दर्जन पोकलेन मशीनों की मदद से बोरवेल के समानांतर एक गड्ढा खोदा जा रहा है, ताकि सुरक्षित तरीके से बच्चे तक पहुंचा जा सके।

वहीं दूसरे ऑपरेशन में लोहे की रॉड के जरिए बच्चे को धीरे-धीरे ऊपर लाने की कोशिश की जा रही है।

30 फीट तक लाया गया, लेकिन हालत चिंताजनक

रेस्क्यू टीमों ने अब तक बच्चे को करीब 30 फीट तक ऊपर लाने में सफलता हासिल की है। कैमरे के जरिए बच्चे का सिर और हाथ स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, लेकिन सबसे चिंताजनक बात यह है कि बच्चे में फिलहाल कोई मूवमेंट नजर नहीं आ रहा है।

चार जिलों की टीमें मौके पर

इस संवेदनशील ऑपरेशन में इंदौर, हरदा, भोपाल और उज्जैन की रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

मौके पर एसपी, कलेक्टर, डॉक्टरों की टीम और पुलिस प्रशासन का पूरा अमला मौजूद है, जो हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

21 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद बच्चे की हालत को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है, ताकि बच्चे को बाहर निकालते ही तुरंत इलाज शुरू किया जा सके। यह हादसा एक बार फिर खुले और असुरक्षित बोरवेल के खतरे को उजागर करता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मासूम को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई जा सके।

प्रशासन हर संभव प्रयास में जुटा है, और पूरे इलाके में दुआओं का दौर जारी है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link