मध्यप्रदेश में विकास को और तेज़ रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा की दिशा-निर्देशों में वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट की तैयारियाँ अब निर्णायक चरण में पहुँच गई हैं।

राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि इस बार का बजट जवाबदेही, पारदर्शिता और परिणामों पर आधारित होगा। यही वजह है कि वित्त विभाग ने सभी विभागों से 15 जनवरी तक विस्तृत जानकारी मांगी है।

सरकार नागरिकों के सामने यह स्पष्ट रूप से रखना चाहती है कि एक साल में किस योजना पर कितना खर्च हुआ, कितने लोगों को रोजगार मिला, और किस योजना से आम जनता के जीवन में क्या बदलाव आया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सोच है कि विकास सिर्फ आंकड़ों में नहीं, ज़मीन पर दिखना चाहिए। इसी सोच के तहत शहरों को झुग्गीमुक्त बनाने के लिए अब तक की गई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा बजट में रखा जाएगा।

वहीं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के नेतृत्व में वित्त विभाग ने निर्देश दिए हैं कि हर विभाग यह बताए कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में अपने कुल बजट का कितना हिस्सा खर्च किया गया और योजनाओं के लक्ष्य कितने हासिल हुए।

सरकार यह भी जानना चाहती है कि हितग्राही मूलक योजनाओं से कितने लोगों को सीधा लाभ मिला, और उस पर कितना खर्च किया गया इसके साथ ही केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति, नई योजनाओं का खाका, पर्यावरण संरक्षण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, जन-स्वास्थ्य, कुटीर और ग्रामोद्योग, औद्योगिक निवेश, पर्यटन और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण — इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी मांगी गई है।

मोहन यादव सरकार गौ-वंश संरक्षण, गौ-चर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, और शासकीय भूमि की रक्षा को भी बजट का अहम हिस्सा बना रही है। कितनी भूमि अतिक्रमण से मुक्त हुई और उसकी अनुमानित कीमत क्या है— इसका पूरा हिसाब पेश किया जाएगा।

इतना ही नहीं, सुगम ग्रामीण परिवहन, ई-परिवहन, डिजिटल तकनीक से नागरिक सुविधाएं, सरकारी कर्मचारियों का कल्याण, और छोटे व मझोले उद्योगों को बढ़ावा— इन सभी क्षेत्रों में हुई प्रगति भी बजट में झलकेगी, कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा की यह पहल संकेत देती है कि आने वाला बजट विकास, रोजगार और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत नींव रखने वाला होगा।

मार्च में पेश होने वाले बजट से प्रदेश की जनता को नई उम्मीदें और नई दिशा मिलने की पूरी संभावना है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply