पुलिस थाना घट्टिया क्षेत्र के ग्राम नजरपुर में स्थित अति प्राचीन आशापुरी मां भवानी माता मंदिर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मंदिर में घुसे तीन चोर लाइव सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं।

चोरों ने माता जी का चांदी का छत्र, नथनी, हार सहित करीब 3 से 4 किलो चांदी चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार चोर खिड़की के रास्ते मंदिर में दाखिल हुए थे।

CCTV फुटेज में कैद पूरी वारदात

सीसीटीवी वीडियो में एक चोर जूते पहने हुए माता जी के ओटले पर चढ़कर चोरी करता हुआ साफ नजर आ रहा है, जबकि दो अन्य चोर खिड़की के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने क्षेत्र और आसपास पहले हुई इस तरह की घटनाओं के आधार पर दो संदिग्धों को चिन्हित कर पूछताछ के लिए घट्टिया थाने लाया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मंदिर में हुई चोरी की इस घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply