शहर में श्रीराम कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे सीवरेज कार्य के चलते आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवलपुरा क्षेत्र में सीवरेज खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन फूटने से सीवर का गंदा पानी नलों में मिलने लगा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि, मुख्य नगर अधिकारी (CMO) और सीवरेज कंपनी के मैनेजर घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय रहवासियों ने नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष, पार्षदों के साथ मिलकर सीवरेज कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
12 दिनों से पेयजल संकट
स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते 12 दिनों से क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित है। सीवरेज कंपनी की खुदाई के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से नलों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, जिससे लोगों को पीने योग्य पानी नहीं मिल पा रहा।
समस्या के विरोध में रहवासियों द्वारा पहले भी सांकेतिक चक्काजाम किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि सीवरेज कंपनी द्वारा बार-बार पेयजल लाइन तोड़ी जा रही है, जबकि मरम्मत का कार्य नगरपालिका टीम को करना पड़ रहा है, जो कि कंपनी की जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य संकट का खतरा
रहवासियों ने चिंता जताई कि सीवरेज लाइन को पेयजल पाइपलाइन के बेहद करीब डाला जा रहा है, जिससे गंदा पानी पीने के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। कई घरों में सीवर मिश्रित पानी पहुंच रहा है, जिसके कारण लोग बाहर से पानी लाने को मजबूर हैं।
नवलपुरा क्षेत्र में सीवरेज कंपनी के विरोध में नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव, पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध स्वरूप सीवरेज कंपनी के मैनेजर को माला पहनाकर प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ नाराज़गी जताई गई। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सीवरेज कार्य में लापरवाही बरतने वाली कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पेयजल लाइन की स्थायी मरम्मत कर जल्द से जल्द शुद्ध जल आपूर्ति बहाल की जाए।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
