उत्तर प्रदेश के महोबा के बाद अब जालौन जिले से भी जल जीवन मिशन को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जालौन सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे जन चौपाल के दौरान सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत देखकर नाराज नजर आ रहे हैं। यह वीडियो कोंच ब्लॉक के जमरोही कलां गांव में आयोजित जन चौपाल का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने विधायक के सामने खुलकर आरोप लगाए कि गांव में करोड़ों रुपये की योजनाओं के बावजूद सिर्फ 16 घरों तक ही पानी पहुंच पाया है, जबकि अधिकांश घर अब भी जलापूर्ति से वंचित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह पाइपलाइन में लीकेज है। कई घरों में नल तो लगाए गए हैं, लेकिन टोंटी तक नहीं लगाई गई, जिससे योजना केवल कागजों में पूरी और जमीन पर फेल नजर आ रही है। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कें खोद दी गईं, जिससे गांव की हालत और भी बदतर हो गई है।
ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा मौके पर ही अधिकारियों पर भड़क उठे। उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और जेई को मौके पर तलब कर जल्द समाधान के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 16 जनवरी का है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और एक बार फिर जल जीवन मिशन व नमामि गंगे जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रहा है।
फिलहाल यह मामला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के लिए चेतावनी बनकर सामने आया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या वास्तव में गांव के हर घर तक पानी पहुंचेगा या योजनाएं सिर्फ फाइलों तक ही सीमित रह जाएंगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
