उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर परिसर में महिला श्रद्धालु और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मुंबई से आई महिला पर आरोप है कि उसने मंदिर परिसर में हंगामा किया, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महिला का दावा है कि दर्शन के दौरान पुरुष सुरक्षा गार्ड ने उसके कंधे पर हाथ रखा और उसे आगे धकेलने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला सुरक्षा कर्मी को बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई। इस झगड़े में अन्य श्रद्धालुओं को भी धक्का देकर बाहर निकाला गया।
घटना के समय मौजूद लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया, जबकि सुरक्षा कर्मियों ने मंदिर का गेट बंद कर दिया। महिला श्रद्धालु ने महाकाल थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि करीब आठ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसका दर्शन प्रभावित हुआ।
वहीं, महिला सुरक्षा कर्मी ने भी महिला श्रद्धालु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान श्रद्धालु ने उसके गले को पकड़ने और नाखून से हमला करने का प्रयास किया।
महाकाल थाने ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही दोनों पक्षों से विस्तृत बयान लिए जाएंगे और निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
